औद्योगिक कचरे से निर्माण सामग्री तैयार करने को भारत-नॉर्वे विकसित करेंगे तकनीक
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। भारत और नॉर्वे ने औद्योगिक कचरे को उपयोगी संसाधनों में बदलने और निर्माण क्षेत्र में इसके टिकाऊ इस्तेमाल के लिए संयुक्त तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में पहल की है। इस पहल के तहत सीमेंट और निर्माण क्षेत्र में कचरे के पुनर्चक्रण, सुरक्षित निपटान और पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
इस दिशा में
वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), नॉर्वे की एसआईएनटीईएफ और रिसर्च काउंसिल ऑफ नॉर्वे ने मंगलवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर में ‘वेस्ट टू रिसोर्स सॉल्यूशंस इन द सीमेंट एंड कंस्ट्रक्शन सेक्टर’ विषय पर भारत-नॉर्वे संवाद आयोजित किया। इसमें सीएसआईआर संस्थानों, नियामक एजेंसियों और सीमेंट एवं निर्माण उद्योग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
यह संवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मई में नॉर्वे यात्रा के दौरान भारत-नॉर्वे संबंधों को ‘ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर पर ले जाने की घोषणा के अनुरूप आयोजित किया गया।
इस साझेदारी में चक्रीय अर्थव्यवस्था, स्वच्छ तकनीक और शोध को प्रमुख स्थान दिया गया है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीएसआईआर मुख्यालय के आईएसटीएडी प्रमुख डॉ. रमा स्वामी बंसल, नई दिल्ली स्थित रॉयल नॉर्वेजियन दूतावास के डॉ. अरविन गाडगिल, एसआईएनटीईएफ के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. कारी हेल्गे कार्स्टेंसन और सीएसआईआर-सीबीआरआई के निदेशक प्रो. आर. प्रदीप कुमार सहित कई विशेषज्ञों ने विचार रखे।
प्रो. आर. प्रदीप कुमार ने रैखिक अर्थव्यवस्था से चक्रीय अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण और औद्योगिक कचरे को मूल्यवान संसाधनों में बदलना समय की मांग है। संवाद में निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरे, स्टील स्लैग, फ्लाई ऐश, रेड मड और अन्य औद्योगिक अवशेषों के उपयोग पर चर्चा की गई। इनके प्रसंस्करण, मानकीकरण, आर्थिक व्यवहार्यता और बाजार में स्वीकार्यता से जुड़ी चुनौतियों पर भी विचार हुआ।
सीएसआईआर-सीआरआरआई और सीएसआईआर-एएमपीआरआई के शोध प्रयासों में फ्लाई ऐश, कॉपर स्लैग, रेड मड, प्लास्टिक कचरे, स्टील ग्रिट और अन्य औद्योगिक उप-उत्पादों के सड़क निर्माण, जियोपॉलिमर कंक्रीट, विशेष एग्रीगेट और मूल्यवर्धित निर्माण उत्पादों में उपयोग की संभावनाएं प्रस्तुत की गईं।
सीएंडडी कचरे के पुनर्चक्रण पर आयोजित सत्र में पुनर्चक्रित एग्रीगेट से निर्माण उत्पाद तैयार करने, मोबाइल रीसाइक्लिंग इकाइयों और अशुद्धियों को हटाने की बेहतर तकनीकों पर चर्चा हुई।
सीएसआईआर-सीबीआरआई के प्रो. एसके सिंह ने निर्माण क्षेत्र में स्लैग और अन्य औद्योगिक उप-उत्पादों के टिकाऊ उपयोग पर प्रस्तुति दी। संवाद में भविष्य के सहयोग के लिए दो से तीन संयुक्त भारत-नॉर्वे शोध प्रस्ताव तैयार करने, खतरनाक कचरे के उपचार के लिए पायलट परियोजनाएं शुरू करने, डीडीटी और पीसीबी से दूषित कचरे के निपटान संबंधी तकनीकी दिशा-निर्देश विकसित करने तथा उद्योग-अकादमिक साझेदारी मजबूत करने जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई।
कार्यक्रम का समापन दोनों देशों के बीच शोध और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने, चक्रीय निर्माण पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा सीमेंट एवं निर्माण क्षेत्र को अधिक टिकाऊ और संसाधन-कुशल बनाने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

