प्रधानमंत्री आज पहले एससीओ सभ्यता संवाद का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। भारत आज से यहां पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद की मेजबानी कर रहा है। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस बहुपक्षीय आयोजन में पाकिस्तान सहित एससीओ के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है। संगठन के पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार शाम संवाद का उद्घाटन करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन एससीओ के ढांचे के तहत हो रहा है और इसमें संगठन के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है।
जायसवाल ने कहा कि एससीओ के पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को भी इस संवाद में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य एससीओ के सदस्य देशों और अन्य भागीदारों को सभ्यता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श का बहुपक्षीय मंच उपलब्ध कराना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

