home page

भारतीय सेना ने मंगोलिया में ऑपरेशनल तैयारी का प्रदर्शन किया

 | 

भारतीय सेना ने मंगोलिया में ऑपरेशनल तैयारी का प्रदर्शन किया
 
- भारत और अमेरिका सहित 18 देशों के लगभग 1,000 सैनिक इस अभ्यास में शामिल 

नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। भारतीय सेना ने मंगोलिया की राजधानी उलानबातार में बहुराष्ट्रीय शांति स्थापना सैन्य अभ्यास 'खान क्वेस्ट' में हिस्सा लेकर अपने सामरिक कौशल एवं रणनीतिक चपलता के साथ ऑपरेशनल तैयारी का प्रदर्शन किया है। फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया में हो रहे इस अभ्यास में भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट की 40 सदस्यीय टुकड़ी हिस्सा ले रही है। यह 'खान क्वेस्ट' अभ्यास 2003 में अमेरिका और मंगोलिया के बीच एक द्विपक्षीय कार्यक्रम के रूप में शुरू हुआ था, जो 2006 से एक बहुराष्ट्रीय शांति स्थापना अभ्यास में बदल गया है।

भारतीय सेना की टुकड़ी बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास 'खान क्वेस्ट' में भाग लेने के लिए 18 जून को रवाना हुई थी। यह अभ्यास 20 जून से 3 जुलाई तक मंगोलिया के उलानबातार स्थित फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया में हो रहा है। इस अभ्यास में दुनिया भर की सैन्य ताकतें संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय 7 के तहत शांति समर्थन अभियानों में सहयोग और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने के लिए एकजुट हों रही हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर (अध्याय 7) के तहत बहुराष्ट्रीय वातावरण में शांति सुरक्षा और शांति समर्थन अभियानों के लिए सैन्य तत्परता और अंतर-संचालन को बढ़ाना है। अभ्यास के दौरान संयुक्त योजना, गश्त, घेराबंदी और तलाशी अभियान, शत्रुतापूर्ण क्षेत्रों से नागरिकों की निकासी और कॉम्बैट फर्स्ट-एड (प्राथमिक चिकित्सा) का प्रदर्शन किया जा रहा है।

भारत और अमेरिका सहित 18 देशों के लगभग 1,000 सैनिक इस अभ्यास में शामिल हैं। इस अभ्यास की शुरुआत सबसे पहले 2003 में अमेरिका और मंगोलियाई रक्षा बलों के बीच एक द्विपक्षीय कार्यक्रम के रूप में हुई थी। इसके बाद 2006 से यह अभ्यास एक बहुपक्षीय शांति रक्षा अभ्यास में परिवर्तित हो गया और वर्तमान में यह इसका 23वां संस्करण है। भारतीय दल की भागीदारी वैश्विक शांति और मंगोलिया के साथ रणनीतिक साझेदारी के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भारतीय सेना के 40 जवानों वाले दल में जाट रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिकों के साथ-साथ अन्य सशस्त्र बलों और सेवाओं के जवान भी शामिल हैं।

खान क्वेस्ट अभ्यास का उद्देश्य भाग लेने वाले रक्षा बलों के दल को बहुपक्षीय वातावरण में शांति रक्षा अभियानों के लिए तैयार करना है। इस अभ्यास में संयुक्त योजना और सामरिक अभ्यासों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जैसे कि स्थिर और गतिशील चेक प्वाइंटों की स्थापना, घेराबंदी और तलाशी अभियान, गश्त, शत्रु क्षेत्रों से नागरिकों की निकासी, तात्कालिक विस्फोटक उपकरणों का मुकाबला करने का अभ्यास, प्राथमिक चिकित्सा और घायलों को निकालना। खान क्वेस्ट अभ्यास में भाग लेने वाले देश संयुक्त अभियानों के संचालन के लिए रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं में अपने सर्वोत्तम तरीकों को साझा कर सकेंगे। यह अभ्यास भाग लेने वाले देशों के सैनिकों के बीच परिचालन तत्परता, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देगा। 

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम