home page

ओमान तट के पास व्यापारिक जहाज पर हमले से भारत नाराज, शीर्ष अमेरिकी राजनयिक को किया तलब

 | 

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले को लेकर भारत ने अमेरिका से कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी (चार्ज डी' अफेयर्स) जेसन मीक्स को तलब कर घटना पर अपना विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में जेसन मीक्स के साथ हुई 30 मिनट की बैठक के दौरान उन्हें एक डिमार्श (औपचारिक विरोध पत्र) भी सौंपा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार हमले का शिकार हुए सेट्टेबेलो नामक जहाज पर 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है। भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध और सुरक्षित आवागमन वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। भारत का मानना है कि व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तत्काल बंद होनी चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री व्यापार की स्वतंत्रता बहाल की जानी चाहिए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय