home page

देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश के आसार

 | 
देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश के आसार


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी कहीं-कहीं पर अगले दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32-34 डिग्री सेल्सियस और 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को भी यही स्थिति रहने के आसार हैं। छह अगस्त को अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस जबकि 7 अगस्त का अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में कुछ जगहों पर और इसके बाद के 5 दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान सिक्किम, असम और मेघालय के कुछ जगहों पर बहुत अधिक भारी बारिश (21 सेमी) होने की संभावना है। केरल, तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी अगले तीन दिनों के दौरान भारी वर्षा होने का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों के दौरान कहीं भारी वर्षा और कहीं बहुत अधिक भारी वर्षा होने के आसार हैं। इसी दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य महाराष्ट्र में बहुत अधिक भारी बारिश (21 सेमी), उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, तटीय कर्नाटक, केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना में भी बहुत अधिक बारिश (12-20 सेमी), पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी