home page

देश के कई राज्यों में बारिश के आसार

 | 

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से नए पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण अंडमान सागर के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान भारी बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अनुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शुक्रवार को आमतौर पर हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। सुबह से दोपहर तक कई जगहों पर हल्की बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

आईएमडी के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ और सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना दबाव कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उत्तर-पश्चिमी ओडिशा के ऊपर एक साधारण निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने के आसार हैं। इसके प्रभाव से 30 अक्टूबर को उत्तरी बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।

दक्षिण अंडमान सागर के पास बना 'कम दबाव का क्षेत्र' पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 31 अक्टूबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के पास 'दबाव' में बदल सकता है। इसके बाद इसके आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की आशंका है।

उत्तर-पश्चिम भारत में 30 अक्टूबर और एक नवंबर को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच हिमाचल प्रदेश और 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच उत्तराखंड में बारिश की संभावना है। 30 अक्टूबर को उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा में कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं।

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में 30 अक्टूबर से 4 नवंबर के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के 30 अक्टूबर से 4 नवंबर के बीच रायलसीमा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट से लेकर हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी भारत के कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में 30-31 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी