home page

ओडिशा और पूर्वोत्तर समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
ओडिशा और पूर्वोत्तर समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी


नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के चलते पूर्वी, पूर्वोत्तर और पश्चिमी तटीय राज्यों में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी से खास राहत मिलने का अनुमान नहीं है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजधानी में शनिवार (29 अगस्त) को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 30 और 31 अगस्त को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि हल्की बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद शुक्रवार का दिन भी राजधानी में उमस भरा रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून पूर्वी हिस्सों में पूरी तरह सक्रिय रहेगा। ओडिशा के कई हिस्सों में 29 अगस्त से 3 सितंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है जबकि 30 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 31 अगस्त तक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर राज्य के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 सितंबर तक व्यापक बारिश और 30 अगस्त को बहुत अधिक बारिश की चेतावनी दी गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तूफानी मौसम रहने का अनुमान है।

वहीं, पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा में 3 सितंबर तक अधिकांश स्थानों पर बारिश जारी रहेगी। गुजरात और महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों में छिटपुट बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

दक्षिण भारत के अगले एक सप्ताह तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा, हालांकि तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश (21 सेमी), उत्तराखंड, मेघालय, मिजोरम और पूर्वी मध्य प्रदेश (12 से 20 सेमी), पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश (7 से 11 सेमी) भारी बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी