home page

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली का मौसम रहेगा साफ

 | 
अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली का मौसम रहेगा साफ


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। देश के दक्षिणी और द्वीपीय हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है जबकि देश के अन्य हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर और एक दिसंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में अगले चार दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी और सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ेगा। यहां 29 एवं 30 नवंबर को मौसम साफ रहेगा जबकि अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 25– 27 डिग्री सेल्सियस और 09-11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एक दिसंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे जबकि सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा।

आईएमडी के मुताबिक तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा (अधिकतम 50 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 28 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल, माहे और तमिलनाडु में कहीं-कहीं बारिश जारी रह सकती है। लक्षद्वीप में 28-29 नवंबर को व्यापक बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि 30 नवंबर और 2 से 4 दिसंबर के बीच भी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक (2-3 दिसंबर) में भी बारिश के आसार हैं।

अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 29 नवंबर के आसपास दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके असर से 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच यहां व्यापक बारिश होगी। खासतौर पर 30 नवंबर और एक दिसंबर को 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। 29 नवंबर और दो दिसंबर को भी 30-50 किमी प्रति घंटा की हवाएं चलने का अनुमान है। दो दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 3-4 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं, चार दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश के साथ आंधी-तूफान और 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। फिलहाल, निचले क्षोभमंडल में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से दक्षिणी गुजरात तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी