देश के दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश के आसार
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। देश के मौसम में इन दिनों दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है जहां दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है और रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख इलाकों में हवा की गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। आईटीओ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 293, चांदनी चौक का 256, आनंद विहार का 206 और गाजियाबाद का 206 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी को दर्शाता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 25 एवं 26 नवंबर को सुबह के समय कुछ जगहों पर धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 27 नवंबर को ठंड थोड़ी और बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी, दक्षिण केरल और कोमोरिन क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वी हवाओं के ट्रफ के कारण दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 25 से 27 नवंबर के दौरान केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 25 से 30 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, 25 से 28 नवंबर के बीच तटीय तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा 25 नवंबर को तेलंगाना में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 25 से 28 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। वहीं, केरल, माहे, लक्षद्वीप (25-27 नवंबर) और तटीय आंध्र प्रदेश, यनम व रायलसीमा (25-28 नवंबर) में हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा (अधिकतम 50 किमी प्रति घंटा) रहने का अनुमान है।
पश्चिम और मध्य भारत के निवासियों के लिए राहत की बात यह है कि इस सप्ताह इन क्षेत्रों के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, उत्तरी क्षेत्रों और असम के आसपास पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बने हुए हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

