home page

मानसून में बढ़े एच1एन1 के मामले, आईएमए ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

 | 
मानसून में बढ़े एच1एन1 के मामले, आईएमए ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। मानसून के दौरान देश में स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए ) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है लेकिन यह भी कहा है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है।

बुधवार को जारी परामर्श में आईएमए ने कहा कि एच1एन1 के अधिकांश संक्रमण हल्के होते हैं और कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाते हैं। हालांकि, संक्रमण के लक्षणों पर नजर रखना जरूरी है।

आईएमए की एडवाइजरी के अनुसार एच1एन1 में आमतौर पर अचानक तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार सूखी खांसी, गले में खराश, मांसपेशियों में तेज दर्द, थकान, सिरदर्द और नाक बहने या बंद होने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।

बच्चों में इसके साथ मतली, उल्टी या दस्त की समस्या भी अपेक्षाकृत अधिक देखी जा सकती है।

आईएमए ने लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेने से बचने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक एच1 एन 1 वायरल संक्रमण है, इसलिए एंटीबायोटिक्स वायरस को खत्म नहीं करतीं।

सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, होंठ नीले पड़ना, खून वाली खांसी, अत्यधिक सुस्ती या लगातार उल्टी जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।

आईएमए ने लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। इसके साथ आईएमए ने लोगों से अपील की है कि वे हाथों की सफाई रखें, खांसते-छींकते समय मुंह ढकें, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें और बीमार होने पर घर पर रहें।

इस बीच दिल्ली सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मौजूदा समय में राजधानी में 2308 मामले सामने आए हैं। वहीं, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार, फिलहाल सामने आए वायरस मौसमी स्वाइन फ्लू है और इसमें किसी नए खतरनाक म्यूटेशन की पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी