home page

बिहार में सराय स्टेशन के रेलवे फाटक पर अवैध सीसीटीवी कैमरा मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी आरपीएफ

 | 
बिहार में सराय स्टेशन के रेलवे फाटक पर अवैध सीसीटीवी कैमरा मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी आरपीएफ


पटना, 09 मई (हि.स.)। बिहार के समस्तीपुर रेल मंडल अंतर्गत वैशाली जिले के सराय रेलवे स्टेशन स्थित समपार फाटक संख्या-43 पर संदिग्ध परिस्थितियों में अवैध रूप से सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) में हड़कंप मच गया है।

स्टेशन अधीक्षक द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, सराय रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 07 मई को दोपहर लगभग 2 बजे समपार फाटक संख्या-43 एसपीएल पर ड्यूटी कर रहे गेटमैन संतोष कुमार ने सूचना दी कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने पश्चिमी हाइट गेज पोल पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा दिया और मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक ने इसकी जानकारी सराय कैंपिंग ड्यूटी में तैनात आरपीएफ प्रधान आरक्षी अवधेश राम को दी। इसके बाद दोनों मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि हाइट गेज के पश्चिमी पोल पर लगभग 10 फीट की ऊंचाई पर एक सोलर प्लेट और छोटा कैमरा लगाया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ओपी भगवानपुर के उप निरीक्षक बिपिन कुमार द्वारा संबंधित विभागों से जांच कराई गई। जांच में पुष्टि हुई कि यह कैमरा रेलवे की अनुमति के बिना अवैध रूप से लगाया गया था।

इसके बाद 08 मई की रात करीब 12:15 बजे गवाहों की मौजूदगी में उक्त उपकरण को जब्त कर लिया गया। जब्त सामग्री में एक सोलर स्टैंड कैमरा शामिल है, जिस पर एक्टिव पिक्सल आईडी, आईएमईआई नंबर, जियो कंपनी का सिम और 32 जीबी माइक्रो एसडी कार्ड लगा हुआ था। साथ ही लगभग 10×6 इंच का एक छोटा सोलर पैनल भी बरामद किया गया।

इस पूरे मामले पर रेल एसपी वीणा कुमारी ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और कैमरा लगाने के उद्देश्य का पता लगाने के लिए आरपीएफ सहित अन्य एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी