home page

दिल्ली व्यापार मेले में 14 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य मंत्रालय का विशेष मंडप

 | 
दिल्ली व्यापार मेले में 14 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य मंत्रालय का विशेष मंडप


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपना विशेष मंडप लगाया है। इसमें 24 राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और संस्थाओं के 39 स्टॉल के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, जांच और उपचार सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। यह मंडप 14 से 27 नवंबर तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित इस मंडप का उद्घाटन शनिवार को नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव एवं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार बरनवाल मौजूद रहे। मंडप की थीम 'युवा भारत, स्वस्थ भारत' रखी गई है।

मंडप में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-संजीवनी, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान और टेली-मानस सहित कई योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, अंगदान, खाद्य सुरक्षा और विभिन्न बीमारियों की रोकथाम से जुड़ी पहल भी प्रदर्शित की गई हैं।

नीति आयोग के सदस्य डॉ. श्रीनिवास ने गैर-संचारी रोगों और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए समय पर जांच और बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने लोगों से खानपान और दिनचर्या में स्वस्थ आदतें अपनाने की अपील की।

मंडप में लोगों को सीपीआर का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी और परिचर्चाएं आयोजित की जा रही हैं। बच्चों के लिए अलग क्षेत्र बनाया गया है, जहां पारंपरिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

मेले में टीबी के प्रति जागरूकता के लिए विशेष स्टॉल भी लगाया गया है। यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित हाथ में पकड़े जाने वाले एक्स-रे उपकरण से टीबी की जांच की जा रही है। चिकित्सा अधिकारी लोगों को परामर्श दे रहे हैं। इसके साथ ही टीबी से प्रभावित लोगों की मदद के लिए निक्षय मित्र के रूप में पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर