सिनेमा भावनाओं की सार्वभौमिक भाषा से मानवता को जोड़ता है : कार्ला सोफिया गैस्कोन
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। सिनेमा भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे जाकर मानवीय भावनाओं की सार्वभौमिक भाषा के माध्यम से लोगों को जोड़ता है। यह बात अभिनेत्री कार्ला सोफिया गैस्कोन ने गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान कही। उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को खुद पर भरोसा रखने, अलग पहचान बनाए रखने और काम के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, गैस्कोन ने रविवार को इफ्फी में ‘स्टेजेज अक्रॉस बॉर्डर्स’ विषय पर आयोजित विशेष मास्टरक्लास में अभिनय कला से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी भूमिका को प्रामाणिक बनाने के लिए कलाकार का अपने काम के प्रति सच्चा लगाव जरूरी है।
गैस्कोन ने कहा कि वह हर किरदार में पूरी तरह डूब जाती हैं और उसे पर्दे पर वास्तविक रूप देने के लिए भावनात्मक जुड़ाव बनाती हैं। वह परंपरागत भूमिकाओं से अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाना पसंद करती हैं। अपने अनुभवों से बिल्कुल अलग किरदार निभाने से रचनात्मकता, कलात्मक विकास और खुद को समझने के नए अवसर मिलते हैं।
उन्होंने अभिनय को चुनौतियों और नई खोजों की निरंतर यात्रा बताया। हर किरदार कलाकार से नए नजरिये और अलग तरीके से तैयारी की मांग करता है। उन्होंने फिल्म निर्माण को सामूहिक प्रयास बताते हुए कहा कि किसी फिल्म का निर्माण पूरी रचनात्मक टीम की साझा सोच और मेहनत से होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

