home page

बंगाल की खाड़ी में डूबे जहाज के 24 क्रू सदस्यों में से बचाए गए दो चीनी नागरिकों को पारादीप लाया गया

 | 
बंगाल की खाड़ी में डूबे जहाज के 24 क्रू सदस्यों में से बचाए गए दो चीनी नागरिकों को पारादीप लाया गया

- बाकी लापता क्रू मेंबर्स की खोज में चीन के सहयोग से समुद्री और हवाई सर्च ऑपरेशन तेज किया गया

नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील (444 किलोमीटर) दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को डूबे पनामा झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर का मलबा अभी तक नहीं मिल पाया है। भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज पर सवार 24 क्रू सदस्यों में से बचाए गए दो चीनी नागरिकों को आज पारादीप लाकर कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया। लाइफराफ्ट से बचाए गए दोनों नागरिकों को ट्रांजिट के दौरान इंडियन कोस्ट गार्ड के जहाज पर मेडिकल केयर दी गई।

दरअसल, पनामा झंडे वाला जहाज एमवी ओशन विनर पारादीप पोर्ट से 1700 टन लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। 20 अगस्त की रात जहाज रवाना हुआ था और समुद्र में आगे बढ़ते समय उसका संपर्क टूट गया। भारत के समुद्री खोज और बचाव समन्वय केंद्र को 22 अगस्त को 11:48 बजे जहाज से संपर्क टूटने की जानकारी मिली। उस समय जहाज पर चालक दल के 24 (20 चीनी, 03 म्यांमारी, 01 बांग्लादेशी) सदस्य सवार थे। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त खोज और बचाव अभियान शुरू किया। आईसीजी ने अपने दो जहाजों वरद और अनमोल को राहत एवं बचाव कार्य के लिए लगाया, जबकि ऑपरेशन को बढ़ाने के लिए एक अन्य जहाज विजित को भी श्रीविजयापुरम से भेजा गया।

भारतीय तटरक्षक बल के कमांडेंट अमित उनियाल ने बताया कि आईसीजी के जहाज वरद ने जहाज पर सवार 24 क्रू सदस्यों में से दो चीनी नागरिकों पैन टोंगलाई और चेन जियानहे को 22 अगस्त को एक लाइफराफ्ट से सुरक्षित बचा लिया। पारादीप लाते समय इन्हें ट्रांजिट के दौरान जहाज पर मेडिकल केयर दी गई और अब उन्हें ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन और लोकल पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ऑथराइज़्ड कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है। बाकी लापता क्रू मेंबर्स का पता लगाने के लिए समुद्री और हवाई सर्च ऑपरेशन तेज किया गया है। चीन का मुख्य समुद्री खोज और बचाव समन्वय केंद्र श्रीविजयापुरम चल रहे रेस्क्यू कामों में हिस्सा लेने वाले सभी एसेट्स के साथ लगातार सहयोग कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को लगभग 07 बजे सर्च एरिया में एमवी ओशन विनर की एक लाइफबोट मिली। एक बोर्डिंग टीम ने लाइफबोट की जांच की, लेकिन कोई भी क्रू मेंबर्स जिंदा नहीं मिला। इसके बाद इलाके में कोस्ट गार्ड के और मर्चेंट वेसल को तैनात किया गया है और आईसीजीएस वरद इलाके में मर्चेंट वेसल के साथ सहयोग करके लापता क्रू मेंबर्स की बड़े पैमाने पर खोज कर रहा है। हवाई खोज के दौरान एक नेवल एयरक्राफ्ट ने एक डिस्ट्रेस ट्रांसमिशन का पता लगाया और बताई गई जगह की ओर गाइड किया। इसके बाद आईसीजीएस वरद को इलाके से एक इमरजेंसी बीकन मिला, जिसके वेरिफिकेशन पर एमवी ओशन विनर से जुड़े होने की पुष्टि हुई। चल रहे सर्च और रेस्क्यू की कोशिशों को और बढ़ाने के लिए कोस्ट गार्ड के और एसेट्स तैनात किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम