भारत को ग्लोबल लाइव इवेंट हब बनाने के लिए रोडमैप तैयार
नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। भारत में लाइव इवेंट्स इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कोशिशें तेज कर दी हैं। इसी दिशा में लाइव इवेंट्स डेवलपमेंट सेल (एलईडीसी) की चौथी बैठक 30 अप्रैल को विज्ञान भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने की, जिसमें केंद्र, राज्य और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि लाइव इवेंट सेक्टर आने वाले समय में रोजगार, पर्यटन और अर्थव्यवस्था का बड़ा इंजन बन सकता है। फिलहाल यह सेक्टर 2025 में 145 अरब रुपये का है और 2028 तक इसके 196 अरब रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि लाइव इवेंट्स के लिए सिंगल-विंडो क्लियरेंस सिस्टम भी तैयार किया है, जो इंडिया सिने हब पोर्टल पर उपलब्ध होगा। इससे आयोजकों को परमिशन लेने में आसानी होगी और प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी।
इसके अलावा, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 31 मई 2026 तक एक मॉडल एग्जीक्यूटिव ऑर्डर अपनाने को कहा गया है, ताकि लाइसेंस और परमिशन की प्रक्रिया सरल हो सके।
बैठक में नए इवेंट वेन्यू विकसित करने और स्किल डेवलपमेंट पर भी चर्चा हुई। आईआईएमसी, एमईएससी, ईईएमए मिलकर लाइव इवेंट्स से जुड़े सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने जा रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य है कि साल 2030 तक भारत को ग्लोबल लाइव इवेंट हब बनाया जाए और इस सेक्टर में 1.5 से 2 करोड़ नए रोजगार पैदा किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

