home page

रामनवमी पर अयोध्या में समाई दुनिया, धन्य हुआ मानव जीवन: श्री जियर स्वामी

 | 
रामनवमी पर अयोध्या में समाई दुनिया, धन्य हुआ मानव जीवन: श्री जियर स्वामी


रामनवमी पर अयोध्या में समाई दुनिया, धन्य हुआ मानव जीवन: श्री जियर स्वामी


- बोले- श्रीराम जन्मोत्सव में सहभागिता मात्र से बरसती है लक्ष्मी नारायण भगवान की कृपा

- 28 मार्च को होगी यज्ञ की पूर्णाहुति, अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन में जुटेंगे संत-महात्मा

- भजन संध्या में सजेगी सांस्कृतिक सुरों की शाम, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति

अयोध्या, 27 मार्च (हि.स.)। पावन नगरी अयोध्या के राजघाट पर आयोजित श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ में रामनवमी के अवसर पर आस्था का विराट संगम देखने को मिला। दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरी दुनिया श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में सिमट आई हो और हर श्रद्धालु का जीवन इस पावन अवसर पर धन्य हो उठा हो।

श्रीजीयर स्वामी के सान्निध्य में श्रीराम जन्मोत्सव भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ मनाया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रभु भगवान राम का अलौकिक श्रृंगार, विधिवत पूजन और भावपूर्ण आरती कर पूरे वातावरण को राममय बना दिया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के इस अद्वितीय संगम ने अयोध्या को मानो दिव्यता के शिखर पर स्थापित कर दिया। इस माैके पर श्रीजियर स्वामी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा कि श्रीराम जन्मोत्सव में सहभागिता मात्र से पूरे परिवार पर लक्ष्मी नारायण भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है और यह सौभाग्य हर किसी को सहज उपलब्ध नहीं होता। उन्होंने कहा कि रामनवमी के दिन समस्त तीर्थ और देवता अयोध्या में विराजते हैं। ऐसे में इस पावन अवसर पर यहां पहुंचना ही मनुष्य के जीवन को धन्य बना देता है।

संत दर्शन की महिमा बताई, श्रीगादी महाराज धर्म के महत्व पर रखेंगे विचार

मीडिया प्रभारी अखिलेश बाबा ने बताया कि 28 मार्च को सुबह 10 बजे तक यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। रात्रि में भजन संध्या का कार्यक्रम भी होगा, जिसमें बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कलाकार प्रस्तुति देंगे। धर्म सम्मेलन में स्वामी श्री श्री निवासाचार्य श्रीगादी स्वामीजी महाराज सहित सैकड़ों संत-महात्मा शामिल होकर जीवन में धर्म के महत्व पर अपने विचार रखेंगे। श्रीजीयर स्वामी ने संत दर्शन की महिमा बताते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य ऐसा सुख प्रदान करता है, जो स्वर्ग में भी दुर्लभ है और जो सात जन्मों में नहीं मिलता, वह संत दर्शन से क्षण भर में प्राप्त हो सकता है।

दिव्य अनुभूति करा रही श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में यज्ञ समिति के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके साथ कमलेश सिंह, राहुल सिंह, लक्ष्मण तिवारी, वीरेंद्र दुबे, बच्चा दुबे सहित अनेक लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। जबकि संपूर्ण व्यवस्था की देखरेख श्रीअयोध्यानाथ स्वामी द्वारा की जा रही है। श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ दिव्य अनुभूति करा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश