home page

मप्र के भोपाल के हॉकी मैदान को मिला एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र, देश में हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बना

 | 
मप्र के भोपाल के हॉकी मैदान को मिला एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र, देश में हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बना


मप्र के भोपाल के हॉकी मैदान को मिला एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र, देश में हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बना


-नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने दी मान्यता, 19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की होगी मेजबानी

भोपाल, 13 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश ने खेल अधोसंरचना विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इस मान्यता के साथ भोपाल देश का हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बन गया है, जहां इस श्रेणी का अंतर्राष्ट्रीय मानकों वाला हॉकी मैदान मौजूद है। वहीं, मध्यप्रदेश में पहली बार किसी हॉकी मैदान को एफआईएच की कैटेगरी-1 मान्यता मिली है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने शुक्रवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की ओर से 6 नवंबर 2026 को मैदान का तकनीकी परीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान मैदान को कैटेगरी-1 के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके बाद महासंघ ने प्रमाणपत्र जारी किया, जिसकी वैधता 6 नवंबर 2029 तक रहेगी। उन्होंने कहा कि इससे बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए प्रदेश की दावेदारी मजबूत होगी। साथ ही, उभरते हॉकी खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के बीच अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी तथा इससे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल के मामले में मध्य प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश ने इसी क्रम में एक और सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के माध्यम से निश्चित तौर पर दुनिया के हॉकी के मानचित्र पर भोपाल और मध्य प्रदेश इंगित हुआ है। बहुत प्रसन्नता की बात है कि देश में हमें हैदराबाद के बाद दूसरे नंबर पर यह सर्टिफिकेट मिला है। हम अपने लक्ष्य खेल, खिलाड़ी और खेल मैदान के उन्नयन को लेकर सार्थक तरीके से और पूरी ताकत से आगे बढ़ रहे हैं।

19 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का रोमांच

गौरतलब है कि एफआईएच से प्रमाणन मिलने के बाद भोपाल के इस मैदान पर होने वाला पहला बड़ा अंतर्राष्ट्रीय आयोजन महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 होगा। प्रतियोगिता की शुरुआत 19 नवंबर से होनी है, जिसमें एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। इस आयोजन के साथ ही भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के बड़े मंच पर अपनी खेल सुविधाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र मिलने से मैदान की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत हुई है। इससे भविष्य में भोपाल में उच्च स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। हालांकि, किसी प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए प्रमाणन के अलावा संबंधित आयोजक संस्था की अन्य शर्तों और मंजूरियों को पूरा करना भी जरूरी होगा।

क्या है एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणन ?

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ यानी एफआईएच हॉकी के वैश्विक नियमों और मैदानों के तकनीकी मानकों को निर्धारित करने वाली संस्था है। कैटेगरी-1 प्रमाणन मैदानों के लिए तय उच्च स्तरीय तकनीकी श्रेणी है। इसके तहत मैदान की सतह, एस्ट्रोटर्फ की गुणवत्ता, समतलता, गेंद की गति और उछाल, जल निकासी व्यवस्था, खेल क्षेत्र के निर्धारित माप तथा सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों की जांच की जाती है।

इस प्रमाणपत्र का अर्थ है कि संबंधित मैदान एफआईएच के निर्धारित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों पर खरा उतरा है और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपयुक्त है। भोपाल के मैदान को यह मान्यता मिलना प्रदेश में हॉकी सुविधाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत