home page

अमित शाह समेत शीर्ष नेताओं ने पूर्व रेलमंत्री मुकुल रॉय के निधन पर दुख जताया

 | 
अमित शाह समेत शीर्ष नेताओं ने पूर्व रेलमंत्री मुकुल रॉय के निधन पर दुख जताया


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत शीर्ष नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

केंद्रीय गृह और सहकारितामंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट पर कहा कि मुकुल रॉय के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक सेवा में उनके लंबे करियर को संगठनात्मक गतिशीलता और सार्वजनिक मुद्दों की उनकी समझ से परिभाषित किया गया था। उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मुकुल रॉय के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहकर राजनीतिक संवाद में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें |

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टीएमसी के नेता मुकुल रॉय के निधन पर शोक व्यक्त किया। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि दिवंगत मुकुल रॉय लंबे समय के राजनीतिक सहयोगी और कई आंदोलनों में साथी रहे। उनके निधन की खबर से दुख में हूं। तृणमूल कांग्रेस की स्थापना के समय से ही उन्होंने पार्टी को अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया और पार्टी के सभी स्तरों पर उनकी स्वीकार्यता थी। बाद में उन्होंने एक अलग रास्ता चुना और फिर वापस लौट आए। बंगाल की राजनीति में उनका योगदान और संगठनात्मक समझ अविस्मरणीय रहेगी। पार्टी से जुड़े रहने के बावजूद, राजनीतिक हलकों में उनकी कमी महसूस की जाएगी। इस अनुभवी नेता और साथी के परिवार तथा समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन पर उनके परिवार, समर्थकों और सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस से अपना राजनीतिक करियर शुरू करने के बाद उन्होंने ईमानदारी से पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए काम किया। उनके संगठनात्मक कौशल और जमीनी स्तर की राजनीति की गहरी समझ ने उन्हें सभी पार्टियों में सम्मान दिलाया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मुकुल रॉय के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय राजनीति में एक अनुभवी नेता के रूप में उनका विस्तृत योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार और समर्थकों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

उल्लेखनीय है कि मुकुल रॉय का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 71 वर्षीय रॉय को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां तड़के करीब 1.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी