home page

इतिहास के पन्नों में 26 जून: संयुक्त राष्ट्र के घोषणा पत्र पर 50 देशों ने हस्ताक्षर किए

 | 
इतिहास के पन्नों में 26 जून: संयुक्त राष्ट्र के घोषणा पत्र पर 50 देशों ने हस्ताक्षर किए


संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में 26 जून का दिन विशेष महत्व रखता है। वैश्विक शांति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करने वाले इस संगठन की भूमिका से दुनिया भली-भांति परिचित है। संयुक्त राष्ट्र औपचारिक रूप से 24 अक्टूबर 1945 को अस्तित्व में आया, लेकिन इसके घोषणापत्र (चार्टर) को उसी वर्ष 26 जून को स्वीकार कर लिया गया था। इस ऐतिहासिक दस्तावेज पर 50 देशों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए थे। संगठन की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को युद्ध की विभीषिका से बचाना, अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना और हर परिस्थिति में मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना था।

समय के साथ संयुक्त राष्ट्र के कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों में निरंतर विस्तार हुआ। आज यह संगठन शांति स्थापना, मानवीय सहायता, सतत विकास, जलवायु परिवर्तन जैसे अनेक वैश्विक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। वर्तमान में दुनिया के लगभग सभी देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन का मुख्यालय न्यूयॉर्क में स्थित है।

महत्वपूर्ण घटनाक्रम

1714: स्पेन और नीदरलैंड ने व्यापार एवं शांति समझौते पर हस्ताक्षर किये।

1848: पेरिस में जून दिवस विद्रोह का अंत किया गया।

1919: अमेरिका में न्यूयॉर्क डेली न्यूज का प्रकाशन शुरू हुआ।

1945: सैन फ्रांसिस्को में 50 देशों ने संयुक्त राष्ट्र घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किये।

1949: बेल्जियम के संसदीय चुनाव में पहली बार महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला।

1960: फ्रांस के उपनिवेश मेडागास्कर को स्वतंत्रता प्राप्त हुई।

1999: बुडापेस्ट (हंगरी) में विश्व विज्ञान सम्मेलन की शुरुआत हुई।

2000 : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने बांग्लादेश को टेस्ट का दर्जा दिया।

2004 : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री जमाली के इस्तीफे के बाद शुजात हुसैन नये कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने।

2006 : पूर्वी तिमोर की पहली प्रधान मंत्री, मारी अलकातिरी ने राजनीतिक अशांति के हफ्तों बाद इस्तीफा दे दिया।

2013: शेख अब्दुल्ला बिन नासिर बिन खलीफा अल थानी कतर के प्रधानमंत्री बने।

जन्म

1838 - बंकिमचंद्र चटर्जी - बांग्ला उपन्यासकार।

1873 - गौहर जान - भारतीय गायिका और नर्तकी थीं।

1888 - बाल गन्धर्व - मराठी रंगमंच के महान् नायक और प्रसिद्ध गायक।

1931 - एस. मल्लिकार्जुनैय्या - भारतीय राजनीतिज्ञ थे।

1943 - गोवर्धन मेहता - भारतीय शोधकर्ता और रासायनिक वैज्ञानिक।

1958 - सुरेश गोपी - प्रसिद्ध मलयालम अभिनेता और राजनेता।

1969 - धर्मेन्द्र प्रधान - भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री।

1985 - अर्जुन कपूर - हिंदी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता।

1992 - मनप्रीत सिंह - भारतीय फील्ड हॉकी खिलाड़ी।

1993- शिवम दुबे- भारतीय क्रिकेटर।

निधन1961 - गोविंद शास्त्री दुगवेकर - प्रसिद्ध साहित्यकार थे।

2001 - गोपाल रामानुजम - भारतीय राजनीतिज्ञ, जानेमाने समाज सेवक थे।

2004 - यश जौहर - भारतीय फिल्म निर्माता थे।

महत्वपूर्ण अवसर एवं दिवस

नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं उनकी तस्करी के विरुद्ध विश्व दिवस

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह