चुनाव 26 : महिला आरक्षण बिल रोकने वालो कों महिलाएं ही देंगी जबाव : हिमंता बिस्वा सरमा
आसनसोल, 20 अप्रैल (हि. स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए महिला आरक्षण दिल पास नहीं होने देने के लिए विपक्षी दलों को निशाने पर लिया। सोमवार को पश्चिम बर्दवान के पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी के समर्थन में आयोजित रोड शो में भाग लेने पहुंचे असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने मिलकर महिला आरक्षण विधेयक को लंबे समय तक रोके रखा, जिससे देश की महिलाओं में नाराजगी है। उनका कहना था कि अब महिला शक्ति इस मुद्दे पर अपना जवाब देगी और आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
रोड शो में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए। सड़कों पर उत्साह का माहौल देखने को मिला और जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर तथा हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया।
रोड शो पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा, जहां असम के मुख्यमंत्री ने खुले वाहन से लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने मतदाताओं से सीधे संवाद करते हुए भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासनिक निगरानी भी लगातार बनी रही।
रोड शो समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर है और राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिन लोगों पर आरोप हैं, वे 29 तारीख से पहले संबंधित थानों में आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

