home page

वंदे मातरम को लेकर देश से माफी मांगे कांग्रेसः हर्ष मल्होत्रा

 | 
वंदे मातरम को लेकर देश से माफी मांगे कांग्रेसः हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सभी छंदों के गायन पर असहजता को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की निंदा करते हुए इसे देश और शहीदों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।

मल्होत्रा ने शनिवार को एक बयान में आरोप लगाया कि गांधी परिवार और कांग्रेस नेतृत्व को न तो देश के सम्मान की चिंता है, न भारतीय संस्कृति से प्रेम और न ही उन शहीदों के बलिदान का सम्मान, जिन्होंने ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त है और इसके प्रति किसी भी तरह का अनादर देश की भावनाओं का अपमान है।

मल्होत्रा ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अब देशभक्ति से जुड़े गीत से भी दूरी बनाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने गांधी परिवार से सवाल किया कि आखिर उन्हें ‘वंदे मातरम’ से समस्या है या भारत माता से?

मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि राष्ट्रीय गीत के प्रति उसका रुख क्या है। उन्होंने कहा, “जब तक कांग्रेस देशभक्ति को शर्म की बात मानेगी, देश उन्हें माफ नहीं करेगा।”

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी