home page

हर्ष मल्होत्रा के दिल्ली भाजपा अध्यक्ष बनने पर नेताओं ने दी बधाई

 | 
हर्ष मल्होत्रा के दिल्ली भाजपा अध्यक्ष बनने पर नेताओं ने दी बधाई


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि हर्ष मल्होत्रा भाजपा की विचारधारा को और अधिक मजबूती से जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने हर्ष मल्होत्रा के सफल और प्रभावी कार्यकाल की कामना की।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हर्ष मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संगठन के प्रति हर्ष मल्होत्रा का दीर्घकालिक समर्पण, जमीनी कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय जुड़ाव सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा और विकसित दिल्ली के संकल्प को नई गति मिलेगी।

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने हर्ष मल्होत्रा को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा, मजबूती और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा।

सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि लंबे समय से संगठन से जुड़े हर्ष मल्होत्रा के अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित दिल्ली और विकसित भारत के विजन को दिल्ली भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाएगा।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी हर्ष मल्होत्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले वीरेंद्र सचदेवा भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी