home page

नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को सिनेमा के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय : अमित शाह

 | 
नीब करौरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को सिनेमा के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय : अमित शाह


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों और निर्माण टीम ने सोमवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। शाह ने बाबा नीब करौरी की आध्यात्मिक यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अनन्य भक्ति को सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।

अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आज नई दिल्ली में बाबा नीब करौरी जी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों से भेंट की।”

उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी जी की आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान जी के प्रति उनकी अनन्य भक्ति को सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने इसके लिए फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी।

मुलाकात के दौरान फिल्म में लक्ष्मी नारायण शर्मा/नीब करौरी बाबा (महाराज जी) की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्या, फिल्म के निर्देशक एवं लेखक डॉ. विशाल चतुर्वेदी, निर्माता रागिनी सोना और गीतकार साधु तिवारी सहित फिल्म की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ बाबा नीब करौरी के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर केंद्रित फिल्म है। बाबा नीब करौरी जी 20वीं सदी के प्रमुख आध्यात्मिक संतों में माने जाते हैं और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अनन्य भक्ति के लिए विशेष रूप से श्रद्धा के साथ स्मरण किए जाते हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार