home page

राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति

 | 
राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति


रायपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) 2026 में रजत पदक जीतने वाली राज्य की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की है।

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत किया गया।

ज्ञानेश्वरी पहले से ही छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक के पद पर कार्यरत थीं। उनके इस शानदार प्रदर्शन का सम्मान करते हुए सरकार ने उन्हें सीधे आउट ऑफ टर्न डीएसपी बनाने का निर्णय लिया है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने आधिकारिक निवास पर ज्ञानेश्वरी और उनके माता-पिता का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी की यह सफलता प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का एक सशक्त उदाहरण है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर ज्ञानेश्वरी ने न केवल भारत के लिए पदक जीता, बल्कि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में भी एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए यह संदेश है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां छत्तीसगढ़ का हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा