गुरुग्राम: सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता मेडिसिटी में कराया भर्ती
-हाईकोर्ट के आदेश पर गुरुग्राम के मेदांता में शुरू हुआ आगे का इलाज, मेदांता में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गुरुग्राम, 21 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद सफदरजंग अस्पताल से डिस्चार्ज कर आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। मंगलवार शाम 6:40 बजे सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी दी गई। डिस्चार्ज के समय उनके जरूरी स्वास्थ्य संकेत स्थिर बताए गए।
सफदरजंग अस्पताल प्रशासन ने बताया कि वांगचुक को अब भी पैनसाइटोपेनिया की समस्या यानी खून की तीनों प्रमुख कोशिकाओं में कमी है। साथ ही उनके शरीर में पोटाशियम का स्तर भी कम दर्ज किया गया। आगे इलाज में दिक्कत न हो इसलिए सभी जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड मेदांता की डॉक्टरों की टीम को सौंप दिए गए।
दिल्ली हाईकोर्ट ने इससे पहले सोनम वांगचुक को तुरंत मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा कि उनकी सेहत को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की लगातार निगरानी जरूरी है।
मेदांता अस्पताल पहुंचने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अस्पताल के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात रहा। सोनम वांगचुक को अब आगे की मेडिकल देखभाल के लिए मेदांता की टीम को सौंप दिया गया है।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

