सूरत में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर बनी मानव रंगोली, विकसित भारत का दिया संदेश
सूरत, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरत महानगरपालिका की ओर से वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय के एम्फीथिएटर में भव्य ‘मानव रंगोली’ का निर्माण किया गया। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रम एवं कौशल विकास राज्य मंत्री कांति अमृतिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर तैयार इस मानव रंगोली में ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण को दर्शाया गया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सूरत के प्राचीन गौरव, आधुनिक विकास और भविष्य की संभावनाओं को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया।
सूरत के इतिहास से आधुनिक विकास तक की झलक
मानव रंगोली में सूरत के गौरवशाली इतिहास, कपड़ा और हीरा उद्योग की वैश्विक पहचान, आधुनिक आधारभूत ढांचे तथा स्वच्छता और प्रकृति के साथ विकास को प्रमुखता दी गई। इसके केंद्र में देश के तेज विकास में प्रतिभाशाली योगदान के साथ आगे बढ़ते सूरत की तस्वीर उकेरी गई।
इस रंगोली की खासियत यह रही कि इसके निर्माण में केवल प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल रंगों का इस्तेमाल किया गया।
मेयर ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को दी बधाई
इस अवसर पर सूरत की महापौर मायाबेन मावाणी ने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को भव्य मानव आकृति के निर्माण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रंगोली सेवा, संस्कृति, विकास और उज्ज्वल भविष्य को सामने लाती है। उनके अनुसार विकास के पांच प्रमुख स्तंभों पर आधारित यह मानव रंगोली एकता, सहभागिता, सामूहिक संकल्प और राष्ट्र के प्रति गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने सेवा, समर्पण और सहयोग के माध्यम से राज्य के विकास में अधिकतम योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद मुकेशभाई दलाल, विधायक मनुभाई पटेल, अरविंदभाई राणा, प्रवीणभाई घोघारी और संगीता बेन पाटिल, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल, दंडक उर्मिलाबेन त्रिपाठी, सत्तापक्ष नेता अल्पाबेन मेहता, नगर आयुक्त राजकुमार बेनीवाल, पूर्व मंत्री दर्शनाबेन जरदोष, कुलपति डॉ. के.एन. चावड़ा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

