home page

सोनम वांगचुक की पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल चिकित्सा अधीक्षक को लिखा पत्र, दूसरे अस्पताल ले जाने की मांग

 | 
सोनम वांगचुक की पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल चिकित्सा अधीक्षक को लिखा पत्र, दूसरे अस्पताल ले जाने की मांग


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को पत्र लिखकर वांगचुक को अपनी पसंद के एक अन्य चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित करने की अनुमति देने का अनुरोध किया। पत्र में उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली और चिकित्सा संबंधी जानकारी को लेकर कई सवाल भी उठाए।

गीतांजलि ने पत्र में आरोप लगाया कि अस्पताल की चिकित्सा टीम ने शनिवार सुबह उन्हें बताया कि सोनम वांगचुक का पोटेशियम स्तर घटकर 2.9 हो गया है, जबकि एक दिन पहले शाम 4:16 बजे यह 4.3 दर्ज किया गया था। उन्होंने इस अंतर पर सवाल उठाते हुए संबंधित चिकित्सकीय रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की।

पत्र में यह भी कहा गया है कि वांगचुक की डिजिटल और प्रत्यक्ष निगरानी कर रहे चिकित्सकों से परिवार को मिलने की अनुमति नहीं दी गई। गीतांजलि ने आरोप लगाया कि अस्पताल में पारदर्शिता की कमी के कारण उनका भरोसा प्रभावित हुआ है। इसी वजह से परिवार ने वांगचुक को अपनी पसंद के मेडिकल सेंटर में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से अनुरोध किया कि अस्पताल से छुट्टी देने से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि वांगचुक को बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक जांच के लिए दूसरे अस्पताल ले जाया जा सके।

बाद में मीडिया से बातचीत में गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा कि सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल ठीक है और वे यात्रा करने की स्थिति में होंगे। उन्होंने कहा कि वांगचुक छात्रों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च के समर्थन में केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न शहरों में भी छात्र मार्च निकालेंगे।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को आज सुबह सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजीपी) के सोशल मीडिया अभियान और प्रदर्शन से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी