(लीड) शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट
-दो दिन में तीनों धामों में संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया
उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। धार्मिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीनों धामों में कपाट बंद होने की प्रक्रिया दो दिनों में संपन्न हुई। मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद हुए, जबकि बुधवार को भैयादूज के अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए। इसके साथ ही तीनों धामों की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया। वहीं बदरीनाथ धाम के कपाट १६ नवंबर को बंद होंगे।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा, भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली रामपुर और मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली के लिए रवाना हुई। अब अगले छह माह तक इन तीनों देवस्थलों के शीतकालीन प्रवास में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
बुधवार को भैयादूज के अवसर पर भगवान केदारनाथ के कपाट सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित थे। इस यात्रा वर्ष में केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए।
बुधवार अहले सुबह 3:30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया था। सुबह पांच बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की उपस्थिति में स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सभा मंडप से मंदिर परिसर में लाई गई। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री केदार और ऊं नम: शिवाय के उद्घोष से गूंज उठा।
कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए दानदाताओं और आईटीबीपी की ओर से भंडारे भी आयोजित किए गए। कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच पहले पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुंचेगी। इसके बाद 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना होगी। इससे पहले सात नवंबर को भगवान केदारनाथ के रक्षक भकुंट भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे।
कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने की बात भी कही।
केदारनाथ में इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, समिति सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
बुधवार को ही भैयादूज के अवसर पर यमुनोत्री धाम के कपाट भी सुबह 10:28 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और मां यमुना के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के बाद शनिदेव महाराज की अगुवाई में मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली के लिए रवाना हुई।
यमुनोत्री धाम में विधायक संजय डोभाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजबीन पंवार, मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल सहित तीर्थपुरोहित, स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इससे पहले गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए थे। सुबह नौ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान मां गंगा की भोगमूर्ति के दर्शन, विशेष पूजा-अर्चना और गंगा लहरी पाठ किया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा का मुकुट उतारने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद दोपहर 12:15 बजे मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और जयकारों के बीच शीतकालीन प्रवास मुखबा के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा ने रात्रि विश्राम चंदोमती देवी मंदिर में किया, जो मुखबा से करीब चार किलोमीटर पहले स्थित है। बुधवार सुबह डोली मुखीमठ स्थित मां गंगा के मंदिर मुखबा पहुंची। अब शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मुखबा गांव में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
वहीं, श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे। कपाट बंद करने की प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू होंगी। मंदिर समिति ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कपाट बंद होने के अगले दिन 17 नवंबर को भगवान बदरीविशाल का विग्रह शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगा। तीनों धामों के कपाट बंद होने के साथ ही अब शीतकालीन पूजा और दर्शन की परंपरा के तहत मुखबा, ऊखीमठ और खरसाली में धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी। इससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान भी तीर्थाटन और धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला बना रहेगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

