home page

गडकरी समेत कई नेताओं ने संघ के 5वें सरसंघचालक सुदर्शन और रानी लक्ष्मीबाई को किया नमन

 | 

नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सहित कई नेेताओं ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पांचवें सरसंघचालक केएस सुदर्शन की जयंती और झांसी की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

गडकरी ने एक्स पर कहा, ''संघ के पांचवें सरसंघचालक केएस सुदर्शन की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन! अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति की प्रतिमूर्ति वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली झांसी साम्राज्य की लक्ष्मीबाई का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।''

केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के प्रति उनका समर्पित जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुदर्शन जी को ग्राम विकास, कृषि, गौपालन और ऊर्जा आदि क्षेत्र में देशज और परंपरागत अनुभवों व जानकारियों के संबंध में विशेष रूचि थी। आपने समाज को न सिर्फ सही दिशा दिखाई बल्कि किसी भी समस्या की गहराई तक जाकर उसके बारे में मूलगामी चिंतन कर उचित समाधान भी ढूंढा।

केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि राष्ट्र और समाज के निमित्त समर्पित सुदर्शन जी का प्रेरक जीवन भावी पीढ़ियों के लिए भी सदैव अनुकरणीय रहेगा।

केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि अदम्य साहस और मातृभूमि की रक्षा के अटूट संकल्प के साथ रानी लक्ष्मीबाई भारत की प्रतिरोध भावना की प्रतीक बन गईं। उनकी पुण्यतिथि पर, हम झांसी की बहादुर रानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनके शौर्य, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान ने भारतीयों को प्रेरित किया। उनकी अमर विरासत राष्ट्र के लिए गौरव का स्रोत बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी