महाराष्ट्र-गोवा के राष्ट्रीय राजमार्गों की गडकरी ने की व्यापक समीक्षा, गुणवत्ता और मानसून तैयारी पर सख्त निर्देश
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में 18,462 किलोमीटर और गोवा में 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता, रखरखाव, कार्य प्रगति और मानसून पूर्व तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने समयबद्ध क्रियान्वयन, सख्त गुणवत्ता मानकों, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह समीक्षा मीडिया और सोशल मीडिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर की गई।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को यहां आयोजित बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और परियोजना से जुड़े ठेकेदारों के अधिकारी मौजूद रहे।
महाराष्ट्र में गडकरी ने 18,462 किलोमीटर लंबाई के राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा करते हुए परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, उच्च गुणवत्ता मानकों के सख्त अनुपालन और उन्नत तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टिकाऊ और प्रभावी राजमार्ग अवसंरचना से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, आर्थिक विकास को गति मिलेगी और यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
वहीं, गोवा में 26 परियोजनाओं के अंतर्गत 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा करते हुए गडकरी ने जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता जांच को मजबूत करने और बेहतर निर्माण तकनीकों को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे सड़कों की दीर्घकालिक मजबूती और सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित होगा।
केंद्रीय मंत्री ने दोनों राज्यों के लिए अधिकारियों को मानसून से पहले पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, ढलानों को स्थिर करने और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

