home page

मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगा एफएसएसएआई

 | 
मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगा एफएसएसएआई


नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। होली और अन्य आगामी त्योहारों को देखते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे मार्च महीने के दौरान मिठाइयों, दूध और दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेलों समेत अन्य त्योहारी खाद्य पदार्थों की सघन जांच, निगरानी बढ़ाएं और मिलावट रोकने के लिए विशेष निगरानी टीमें गठित की जाएं।

एफएसएसएआई ने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के आयुक्तों को पत्र लिखर मिलावट रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें गठित कर लगातार छापेमारी और निरीक्षण करने को कहा गया है। वहीं, फू़ड सेफ्टी ऑऩ व्हील्स के जरिए मौके पर नमूनों की जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाने को कहा गया है, ताकि तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। एफएसएसएआई का कहना है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिलावट पाए जाने पर दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम खाद्य मिलावट और गलत लेबलिंग को रोकने के लिए जरूरी है।

प्राधिकरण ने सोमवार को बताया कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए देशभर में विशेष मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान शुरू होगा। इसके तहत दूध से बनी मिठाइय़ों के सैंपल उठाए जाएंगे ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ कोई दुकानदार खिलवाड़ न कर सके। मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके लाइसेंस तक रद्द किए जा सकते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी