home page

राजस्थान में स्कॉर्पियो में जिंदा जले पूर्व सरपंच, मां-बेटे सहित चार लोग, हत्या का अंदेशा

 | 
राजस्थान में स्कॉर्पियो में जिंदा जले पूर्व सरपंच, मां-बेटे सहित चार लोग, हत्या का अंदेशा


राजस्थान में स्कॉर्पियो में जिंदा जले पूर्व सरपंच, मां-बेटे सहित चार लोग, हत्या का अंदेशा


राजस्थान में स्कॉर्पियो में जिंदा जले पूर्व सरपंच, मां-बेटे सहित चार लोग, हत्या का अंदेशा


अजमेर (राजस्थान), 28 मई (हि.स.)। अजमेर जिले में गुरुवार तड़के एक स्कॉर्पियो में आग लगने से पूर्व सरपंच मां-बेटे सहित चार लोग जिंदा जल गए। घटना बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुई। शुरुआती तौर पर मामला हादसा माना जा रहा था, लेकिन मौके से मिले सुबूतों के बाद पुलिस अब हत्या के एंगल से भी जांच रही है।

इस घटना में श्रीरामपुरा निवासी एवं पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां एवं पूर्व सरपंच पुसी देवी, पत्नी एवं कांग्रेस समर्थित निवर्तमान जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान देवी तथा भांजी महिमा की मौत हो गई। चारों के शव स्कॉर्पियो में बुरी तरह जले हुए मिले।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच पुसी देवी के सीने में दर्द की शिकायत थी। इसी कारण रामसिंह चौधरी उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए सुबह घर से निकले थे। कार में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अचानक वाहन में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

आग इतनी भीषण थी कि आसपास से पानी के टैंकर बुलाकर आग पर काबू पाया गया। हादसे के कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पुलिस जांच के दौरान मृतक सुरज्ञान देवी के गले पर खून के निशान पाए गए। इसके अलावा तलाशी में पुलिस को दो ईंटें और खून के धब्बे भी मिले हैं। इन परिस्थितियों ने घटना को संदिग्ध बना दिया।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या फिर इसके पीछे कोई साजिश है, इसकी गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस इसे हत्या मानकर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

रामसिंह चौधरी क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय चेहरा माने जाते थे। वे बोराड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच रह चुके थे और किशनगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव भी लड़ चुके थे। उनकी मां पुसी देवी भी कासीर ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी थीं। वहीं पत्नी सुरज्ञान देवी कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं और निवर्तमान जिला परिषद सदस्य थीं।

एक ही परिवार के चार लोगों की इस तरह मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक अस्पताल एवं घटनास्थल पर पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित