home page

पूर्व कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने दीया इस्तीफा, भाजपा में हुए शामिल

भारतीय कांग्रेस पार्टी से 38 सालों तक जुड़े रहने वाले अशोक चव्हाण ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का निर्णय लिया।
 | 
sa

मुंबई : भारतीय कांग्रेस पार्टी से 38 सालों तक जुड़े रहने वाले अशोक चव्हाण ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का निर्णय लिया। मुंबई के भाजपा कार्यालय में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत बावनकुले ने उनका स्वागत किया।

अशोक चव्हाण के साथ साथ ही, कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अमर रजुरकर ने भी भाजपा की सदस्यता ली। अशोक चव्हाण ने आज सुबह ही भाजपा में शामिल होने की खबर की पुष्टि की थी, जिससे राजनीतिक दलों के बीच महाराष्ट्र में रुचि का केंद्र बन गया है।

अशोक चव्हाण के इस्तीफे से महाराष्ट्र कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राजनीतिक हालात को देखते हुए पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने आज मुंबई में कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक बुलायी है। देवेंद्र फडणवीस ने अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद दावा किया था कि कई और कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। इससे कांग्रेस नेतृत्व में घबराहट की स्थिति है। यही वजह है कि महाराष्ट्र में पार्टी नेतृत्व ने आज बैठक बुलायी है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर कहा है कि अगर भाजपा अशोक चव्हाण को राज्यसभा भेजती है तो ये सैनिकों का अपमान होगा। दरअसल अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगे थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि पीएम मोदी और देवेंद्र फडणवीस भी अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगा चुके हैं और अब अगर उन्हें राज्यसभा भेजा जाता है तो ये सैनिकों का अपमान होगा। बता दें कि मुंबई में रक्षा मंत्रालय की जमीन पर आलीशान रिहायशी बिल्डिंग का निर्माण किया गया था। इस मामले में अशोक चव्हाण पर आपराधिक साजिश रचने और धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। हालांकि चव्हाण ने इन आरोपों से इनकार किया था।

'भाजपा के दबाव में बिखर रहे नेता'
शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने पूर्व सीएम अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने पर कहा कि वह इससे बिल्कुल भी अचंभित नहीं हैं, लेकिन जो नेता अपनी ताकत से भाजपा से लड़ने की क्षमता रखते हैं, वे दबाव में बिखर रहे हैं। शरद पवार-एनसीपी प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने कहा कि चव्हाण एक और उदाहरण हैं कैसे भाजपा विपक्षी नेताओं पर दबाव बना रही है। वहीं अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा अपनी असली पहचान खो चुकी है और ये सभी कांग्रेस नेताओं को आयात कर रहे हैं।