home page

पंजाब-हरियाणा के किसानों ने दिल्ली कूच का फैसला वापस लिया, गिरफ्तार किसान होंगे रिहा

 | 
पंजाब-हरियाणा के किसानों ने दिल्ली कूच का फैसला वापस लिया, गिरफ्तार किसान होंगे रिहा


पंजाब-हरियाणा के किसानों ने दिल्ली कूच का फैसला वापस लिया, गिरफ्तार किसान होंगे रिहा


- हरियाणा के कृषि मंत्री के साथ हुई बैठक, जल्द होगी केंद्र से बातचीत

चंडीगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली कूच के लिए शंभू बॉर्डर पर जुटे किसानों ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित करते हुए वापस लौटने का फैसला लिया है। शंभू व खनौरी बॉर्डर से किसान अपने घरों को लौटना शुरू हो चुके हैं। दिनभर बॉर्डर पर चले हंगामे के बाद हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ हुई बैठक में दो मुख्य मांगों पर सहमति के बाद किसान संगठनों ने धरना खत्म करने का फैसला लिया।

शंभू बॉर्डर पर मंगलवार को हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसान नेताओं से मुलाकात की। बैठक के दौरान किसानों की दो प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। कृषि मंत्री ने किसान प्रतिनिधियों को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से बातचीत करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही हिरासत में लिए गए किसान नेताओं और अन्य किसानों को रिहा करने का भरोसा भी दिया गया। किसान नेताओं के अनुसार सरकार ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर किसान संगठनों और केंद्र सरकार के बीच अगले एक सप्ताह के भीतर वार्ता करवाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद किसान संगठनों ने अपना धरना समाप्त करने और शंभू बॉर्डर खाली करने का फैसला लिया।

पटियाला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसान संगठनों के नेताओं ने अगले कुछ घंटों में हाईवे खाली करने की जानकारी दी है। किसानों के लौटने के बाद शंभू बॉर्डर पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के प्रवक्ता तेजवीर सिंह ने कहा कि सरकार से मिले आश्वासन के बाद किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौटने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों की मांग है कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते में किसानों और कृषि क्षेत्र के हितों की अनदेखी न की जाए।

इससे पहले मंगलवार सुबह पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित महापंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। यह महापंचायत ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में बुलाई गई थी।

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया था। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकार के साथ सहमति बनने के बाद अब किसान बॉर्डर से लौट रहे हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH