home page

पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन, दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में हाेंगी सुपुर्दे खाक

 | 
पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन, दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में हाेंगी सुपुर्दे खाक


लखनऊ/नाेएडा, 08 अप्रैल (हि.स.)। गांधी परिवार की भरोसेमंद वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार तड़के 93 वर्ष की आयु में नाेएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। आज ही उनकाे सुपुर्दे खाक किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न दलाें के नेताओं ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है।

राजनीतिक जीवन में लंबे समय तक सक्रिय रहीं मोहसिना किदवई नोएडा के सेक्टर 40 स्थित आवास में रहती थीं। कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकाेष्ठ के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चाैधरी ने बताया कि कांग्रेस नेता माेहसिना किदवई का आज सुबह नाेएडा के सेक्टर 12 स्थित मेट्राे अस्पताल में निधन हाे गया है। उन्हाेंने बताया कि नोएडा के सेक्टर 40 स्थित आवास से मोहसिना किदवई की अंतिम यात्रा शुरू हाेकर दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान पहुंचेगी और शाम पांच बजे उनको सुपुर्दे खाक किया जाएगा। कांग्रेस नेता माेहसिना किदवई इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे मंत्रालयों में काम किया। उन्हाेंने राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली और कांग्रेस पार्टी की कद्दावर नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। मोहसिना किदवई दो बार छत्तीसगढ़़ से राज्यसभा सदस्य भी चुनी गईं। वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर से सांसद चुनी गईं। मोहसिना किदवई हज कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। उन्होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया। मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी, 1932 को बाराबंकी के मसौली में हुआ था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह