केंद्रीय मंत्री मांडविया जम्मू-कश्मीर में 30 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का शुक्रवार को करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 24 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के ओमपोरा में नवनिर्मित 30 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बताया कि डॉ. मांडविया इस अवसर पर अस्पताल निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित भी करेंगे। अस्पताल परियोजना लगभग 165 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ भूमि पर निर्मित की गई है। इसमें अस्पताल भवन, सेवा भवन और 32 आवासीय क्वार्टर शामिल हैं, जो लगभग 24,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले हुए हैं। प्रारंभ में अस्पताल में 30 बिस्तर होंगे, जिन्हें धीरे-धीरे बढ़ाकर 100 तक किया जाएगा।
यह अस्पताल कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे क्षेत्र के 50,000 से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा। इस सुविधा में तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और एक विशेष आपातकालीन ऑपरेशन थिएटर बनाया गया है, जहां नियोजित और गंभीर दोनों प्रकार की शल्यक्रियाएं की जा सकेंगी। अस्पताल में चार पेशेंट लिफ्ट, आधुनिक एचवीएसी प्रणाली, सौर जल तापन और सीवेज एवं अपशिष्ट उपचार संयंत्र जैसी पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाएँ भी की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में ईएसआई योजना 16 अक्टूबर 1989 को शुरू हुई थी, जिसमें प्रारंभ में जम्मू, कठुआ और श्रीनगर के लगभग 7,000 कामगार शामिल थे। वर्तमान में यह योजना पूरे केंद्रशासित प्रदेश में लागू है और लगभग 1,83,119 बीमित व्यक्ति तथा 7 लाख लाभार्थी इससे लाभान्वित हो रहे हैं।
प्रदेश में चिकित्सा लाभ वितरण प्रणाली श्रीनगर, कठुआ, कटरा, सांबा और उधमपुर स्थित पांच औषधालय सह शाखा कार्यालयों और आठ ईएसआईएस औषधालयों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं देती है। माध्यमिक देखभाल सांबा के बारी-ब्राह्मणा स्थित 50 बिस्तरों वाले ईएसआईसी मॉडल अस्पताल में उपलब्ध है। इसके अलावा सुपर-स्पेशियलिटी उपचार के लिए 15 निजी नर्सिंग होम, अस्पताल और निदान केंद्रों के साथ सह-व्यवस्थाएं भी की गई हैं। नकद लाभ जम्मू और अन्य जिलों में स्थित शाखा कार्यालयों के माध्यम से वितरित किए जाते हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

