home page

देशभर में 668 करोड़ रुपये की सात ईएसआई स्वास्थ्य परियोजनाओं का मंगलवार को होगा उदघाटन

 | 
देशभर में 668 करोड़ रुपये की सात ईएसआई स्वास्थ्य परियोजनाओं का मंगलवार को होगा उदघाटन


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया 14 जुलाई को देशभर में कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) से जुड़ी सात स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। तेलंगाना के सनतनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 668 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं का शुभारंभ होगा। इनसे देशभर के लगभग 53 लाख बीमित व्यक्तियों एवं लाभार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अनुसार मनसुख मांडविया सनतनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल के नए बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) ब्लॉक का प्रत्यक्ष उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे छह अन्य परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इनमें असम के बेलटोला में उन्नत 200-बिस्तरीय ईएसआईसी अस्पताल, तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में 100-बिस्तरीय अस्पताल, आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रवरम स्थित ईएसआईएस अस्पताल, गुजरात के सुरेंद्रनगर तथा राजस्थान के कोटा के उद्योग नगर में ईएसआई औषधालय एवं शाखा कार्यालय तथा राजस्थान के भवानी मंडी में ईएसआई औषधालय शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी उपस्थित रहेंगी।

सनतनगर स्थित नए ओपीडी ब्लॉक का निर्माण 211.13 करोड़ रुपये की लागत से 43,611 वर्गमीटर क्षेत्र में किया गया है। इसमें सामान्य चिकित्सा सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभाग, आयुष सेवाएं, रेडियोलॉजी, योग, पुनर्वास केंद्र, 180 सामान्य बिस्तर, 25 आईसीयू तथा 20 नवजात गहन चिकित्सा (एनआईसीयू) बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी। यह केंद्र तेलंगाना के 12.30 लाख से अधिक बीमित व्यक्तियों और लाभार्थियों को आधुनिक उपचार सेवाएं प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मनसुख मांडविया निर्माण कार्य में योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित करेंगे तथा ईएसआई लाभार्थियों को नकद लाभ भी वितरित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा