home page

पंजाब के पूर्व डीआईजी भुल्लर के कथित बिचौलिए कृष्णु शारदा से ईडी करेगा पूछताछ

 | 
पंजाब के पूर्व डीआईजी भुल्लर के कथित बिचौलिए कृष्णु शारदा से ईडी करेगा पूछताछ


- मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए 18 सितंबर को अदालत में पेश होने का आदेश

चंडीगढ़, 17 सितंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब कथित बिचौलिए कृष्णु शारदा से पूछताछ करेगा। ईडी ने इस बावत अनुमति के लिए विशेष पीएमएलए अदालत में आवेदन दायर किया। अदालत ने शारदा को 18 सितंबर को शारीरिक रूप से पेश होने के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने का निर्देश दिया है।

शारदा फिलहाल मॉडल जेल, बुड़ैल, चंडीगढ़ में न्यायिक हिरासत में है। अदालत ने जेल अधीक्षक को निर्धारित तारीख पर उसे अदालत में पेश करने के निर्देश दिए हैं। यह मामला पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ दर्ज रिश्वत मामले से जुड़ा है। सीबीआई के अनुसार भुल्लर जब रोपड़ रेंज के डीआईजी के पद पर तैनात थे, तब शिकायतकर्ता आकाश बट्टा ने आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ सरहिंद थाने में दर्ज एफआईआर में अनुकूल कार्रवाई और उसके कारोबार के खिलाफ कोई कठोर कदम न उठाने के लिए कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि यह रकम कथित तौर पर कृष्णु शारदा के माध्यम से मांगी गई थी।

सीबीआई के रिकॉर्ड के अनुसार 16 अक्टूबर, 2025 को चंडीगढ़ में शारदा को कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि यह रकम मांगी गई रिश्वत की एक किस्त थी। मामले में भुल्लर और शारदा दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में कार्रवाई हुई है। जुलाई, 2026 में विशेष सीबीआई अदालत ने भुल्लर और शारदा के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले में आरोप तय किए थे। दोनों आरोपितों ने आरोपों से संबंधित अपनी कानूनी स्थिति अदालत के समक्ष रखी है।

ईडी ने अप्रैल, 2026 में पंजाब और चंडीगढ़ में भुल्लर तथा उनसे जुड़े लोगों के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई कथित रिश्वतखोरी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा थी। अब ईडी शारदा से पूछताछ के जरिए कथित वित्तीय लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच आगे बढ़ाना चाहती है। अदालत के आदेश के अनुसार शारदा को 18 सितंबर को पेश किया जाएगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH