home page

ईडी ने तमिलनाडु में चार जिलों में आठ ठिकानों पर की छापेमारी, पोंजी स्कीम (चिटफंड) घोटाले से जुड़ा मामला

 | 
ईडी ने तमिलनाडु में चार जिलों में आठ ठिकानों पर की छापेमारी, पोंजी स्कीम (चिटफंड) घोटाले से जुड़ा मामला


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के चेन्नई जोनल कार्यालय ने पोंजी स्कीम (चिटफंड) घोटाले से जुड़े धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के चेन्नई, इरोड, कोयंबटूर और कृष्णगिरि जिलों में स्थित आठ व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई 'मैसर्स यूनिक एक्सपोर्ट्स' और अन्य के खिलाफ दर्ज पोंजी स्कीम मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 17(1) के तहत की गई है। ईडी ने यह जांच तमिलनाडु और कर्नाटक पुलिस द्वारा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कई प्राथमिकियों (एफआईआर) के आधार पर शुरू की थी।

ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि एस नवीन कुमार ने अपने सहयोगियों जीवलता, के प्रभु, के मथन कुमार, मुथुसेल्वम, जे फ्रैंकलिन और अन्य के साथ मिलकर 'मैसर्स यूनिक एक्सपोर्ट्स' के नाम पर एक पोंजी स्कीम चलाई थी। इस स्कीम के तहत प्याज, आलू और अन्य कृषि उत्पादों के निर्यात व्यवसाय में निवेश के बहाने सैकड़ों निवेशकों से धोखाधड़ी की गई।

आरोपितों ने निवेशकों को कम समय में 200 प्रतिशत से अधिक रिटर्न का झांसा देकर कई फर्जी स्कीमें पेश की थीं। इसके अलावा, निवेशकों को अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से निवेश कराने पर आकर्षक कमीशन का लालच भी दिया गया था।

ईडी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने निवेशकों से पैसा वसूलने और उसकी लेयरिंग (हेरफेर) करने के लिए कई मुखौटा (शेल) कंपनियां बनाई थीं। इनमें मैसर्स यूनिक एक्सपोर्ट्स, मैसर्स ईस्ट वैली एग्रो फार्म्स, मैसर्स यूनिक रबर इंडस्ट्रीज, मैसर्स यूनिक इंटरनेशनल ग्रुप, मैसर्स सारा एक्सपोर्ट्स, मैसर्स इंडो रशियन रेयर अर्थ मेटल्स और मैसर्स इंडो रशियन बिजनेस एसोसिएट्स शामिल हैं।

एजेंसी ने बताया कि इन संस्थाओं के नाम पर बैंक खाते खोलकर निवेशकों से करीब 400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस अपराध की कमाई को अचल संपत्तियों, फिक्स्ड डिपॉजिट, विदेशी लेनदेन और सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर कर ठिकाने लगाया गया।

बुधवार को हुई इस छापेमारी के दौरान ईडी ने लैपटॉप, पेन ड्राइव और मोबाइल फोन जैसे डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इसके साथ ही पोंजी स्कीम और अचल संपत्ति के निवेश से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान दो लक्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर