home page

कोलकाता के ईडन गार्डंस में भव्य महालया उत्सव, आस्था और लोक संस्कृति के संगम से जगमगा उठा आसमान

 | 
कोलकाता के ईडन गार्डंस में भव्य महालया उत्सव, आस्था और लोक संस्कृति के संगम से जगमगा उठा आसमान


कोलकाता, 10 अक्टूबर (हि.स.)। महालया के पावन अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस में भव्य मेगा इवेंट का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोक कला और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम वाले इस आयोजन ने स्टेडियम में उपस्थित हजारों दर्शकों का मन मोह लिया। इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, राज्यपाल और कई विशिष्ट मंत्री व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण एक अत्याधुनिक ड्रोन शो और भव्य लेजर प्रस्तुति रही। तीन हजार से अधिक ड्रोन्स की मदद से आकाश में मां दुर्गा के आगमन के विभिन्न दृश्यों को बेहद जीवंत तरीके से उकेरा गया, जिसने आसमान को पूरी तरह आलोकित कर दिया।

पश्चिम बंगाल की समृद्ध संस्कृति को एक मंच पर लाने के लिए राज्य के सभी 23 जिलों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। दार्जिलिंग से लेकर पुरुलिया तक की लोक संस्कृति की महक इस मंच पर साफ नजर आई, जिसमें प्रसिद्ध छौ नृत्य, बाउल गान और लोक संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस आयोजन का सबसे ऐतिहासिक क्षण वह रहा जब महालया के इस मंच पर एक साथ तीन हजार ढ़ाकों (विशेष प्रकार काे ढोल) की गूंज, एक हजार महिलाओं द्वारा शंखध्वनि और कई पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस विशाल सांस्कृतिक प्रदर्शन के लिए पश्चिम बंगाल का नाम ग्रीनीश बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हाथों में इसका आधिकारिक प्रमाण पत्र सौंपा गया।

इस अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद समाज को सुख, सहमर्मिता और आशा से परिपूर्ण करे तथा चारों ओर शांति व समृद्धि का संचार हो। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि पितृपक्ष के समापन और देवीपक्ष के आगमन की इस बेला में मां दुर्गा का आशीर्वाद हर जीवन को अनंत आनंद और समृद्धि से भर दे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि मां के आगमन से सभी का जीवन सुख और शांति से भर जाए तथा उन्होंने पश्चिम बंगाल की संस्कृति, एकता और सौहार्द के बंधन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

राज्यपाल आर एन रवि ने अपने संदेश में कहा कि मां दुर्गा अधर्म का नाश कर न्याय स्थापित करने वाली शाश्वत शक्ति हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आज एक नया बंगाल नए आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर