तूफान के चलते महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री शिंदे के हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ा गया, हुई सुरक्षित लैंडिंग
पायलट की देखरेख में हेलीकॉप्टर की जुहू पवन हंस में सफल लैंडिंग
मुंबई, 07 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हेलीकॉप्टर यात्रा के दौरान एक तूफान में फंसने से बाल बाल बच गए। हेलीकॉप्टर पायलट की सूझबूझ और समय पर सतर्कता बरतने के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पायलट ने समय रहते हेलीकॉप्टर को जुहू पवन हंस की ओर मोड़ दिया गया और फिर सफलतापूर्वक उसकी लैंडिग करा दी। उप मुख्यमंत्री शिंदे सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
सूत्रों के अनुसार उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज अपने पार्टी कार्यकर्ता की पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए मुंबई से मुरबाड जा रहे थे। दोपहर 3ः30 बजे उनके हेलीकॉप्टर ने महालक्ष्मी रेसकोर्स के हेलीपैड से मुरबाड के लिए उड़ान भरी। हालांकि, जैसे ही हेलीकॉप्टर ऐरोली पहुंचा, तो पायलट ने सामने से तूफान आते देखा। संभावित खतरे को पहचानते हुए पायलट ने तुरंत उप मुख्यमंत्री शिंदे को इसकी सूचना दी। पायलट ने सलाह दी कि हमें आगे बढ़ने के बजाय पीछे मुड़ना होगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ने का फैसला किया। कुछ ही मिनटों में हेलीकॉप्टर पवन हंस, जुहू में सफलतापूर्वक उतर गया।
हेलीकॉप्टर में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, विशेष कार्य अधिकारी बालसिंह राजपूत, जनसंपर्क विभाग में विशेष कार्य अधिकारी विनायक पत्रुदकर और सुरक्षा गार्ड के साथ-साथ एयरलाइन के प्रतिनिधि भी सवार थे। हेलीकॉप्टर की सफल लैंडिंग के बाद सभी उप मुख्यमंत्री शिंदे के साथ अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
--------
हिंदुस्तान न्यूज/सुधांशु जोशी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

