home page

नॉर्थ कैंपस में औषधीय पौधों की पहचान और संरक्षण के लिए सीसीआरएएस और दिल्ली विश्वविद्यालय के बीच समझौता

 | 
नॉर्थ कैंपस में औषधीय पौधों की पहचान और संरक्षण के लिए सीसीआरएएस और दिल्ली विश्वविद्यालय के बीच समझौता


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)।

दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में मौजूद औषधीय पौधों की विविधता की पहचान, दस्तावेजीकरण और संरक्षण के लिए केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) और दिल्ली विश्वविद्यालय ने हाथ मिलाया है। दोनों संस्थानों ने इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत विश्वविद्यालय के 250 से 300 एकड़ क्षेत्र में आयुर्वेद में वर्णित औषधीय महत्व वाले पौधों की पहचान कर उनका व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

इस समझौते पर सीसीआरएएस के महानिदेशक प्रो. (वैद्य) रबिनारायण आचार्य और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता ने कुलपति कार्यालय में हस्ताक्षर किए।

परियोजना का उद्देश्य नॉर्थ कैंपस की समृद्ध वनस्पति संपदा का वैज्ञानिक अध्ययन कर औषधीय महत्व वाली पादप प्रजातियों का दस्तावेजीकरण और संरक्षण करना है।

परियोजना के तहत परिसर में व्यापक क्षेत्रीय सर्वेक्षण किया जाएगा। इसमें औषधीय पौधों की प्रजातियों की पहचान, उनके नमूनों का संग्रह और हर्बेरियम तैयार करना शामिल है। साथ ही पौधों के पास क्यूआर कोड युक्त नाम-पट्टिकाएं लगाई जाएंगी, जिन्हें स्कैन कर संबंधित पौधे और उसके औषधीय महत्व की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

इस पहल के तहत नॉर्थ कैंपस की औषधीय वनस्पतियों पर आधारित चित्रों से युक्त एक सचित्र पुस्तक भी प्रकाशित की जाएगी। इसके अलावा शोध के निष्कर्षों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए दोनों संस्थान संयुक्त रूप से वैज्ञानिक शोध पत्र भी प्रकाशित करेंगे।

इससे न केवल विश्वविद्यालय परिसर की वनस्पति विरासत का वैज्ञानिक रिकॉर्ड तैयार होगा, बल्कि विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं में औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही इन प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय की शैक्षणिक मामलों की डीन प्रो. के. रत्नाबली, क्लस्टर इनोवेशन सेंटर की निदेशक प्रो. शोभा बागई, सीएआरआई के प्रभारी निदेशक डॉ. हेमंत पाणिग्रही, परियोजना की प्रधान अन्वेषक डॉ. साक्षी शर्मा, प्रो. सुरेश कुमार और प्रो. वंदना सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी