home page

मस्जिदों को निशाना बनाने के विरोध में जंतर-मंतर पर मुस्लिमों का प्रदर्शन, तोड़फोड़ पर रोक की मांग

 | 
मस्जिदों को निशाना बनाने के विरोध में जंतर-मंतर पर मुस्लिमों का प्रदर्शन, तोड़फोड़ पर रोक की मांग


-

मॉनिटरिंग कमेटी ऑफ इंडियन मुस्लिम्स की ओर से प्रस्तावित धरने की अनुमति नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। देश भर में मस्जिदों दरगाहों और मदरसों को निशाना बनाने के खिलाफ आज जंतर-मंतर पर मॉनिटरिंग कमेटी ऑफ़ इंडियन मुस्लिम्स की तरफ से धरने में आज बड़ी संख्या में मुस्लिम नेता, बुद्धिजीवी और अन्य लोग पहुंचे। जमकर सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करके मस्जिदों आदि पर की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है।

कमेटी के संयोजक पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब ने बताया कि उन्होंने पुलिस से इस धरने प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन कल देर रात में पुलिस ने धरने प्रदर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद आज जंतर मंतर पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि कमेटी से जुड़े लोगों के जरिए यहां पर आकर एकजुटता का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव में पुलिस अब जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की भी इजाजत नहीं दे रही है। यह अभिव्यक्ति की आजादी का खुला उल्लंघन है, जो हमें संविधान ने दिया है।

सांसद मोहिबुल्ला नदवी ने कहा कि हमारी मस्जिद, दरगाहों और मदरसों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्हें अवैध बताकर तोड़ा जा रहा है, अब तक सैकड़ों मस्जिदों को निशाना बनाकर उन्हें तोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि अदालतों से भी हमें इंसाफ नहीं मिल रहा है। इसके विरोध में हमने आज यहां पर धरना प्रदर्शन करने का फैसला लिया था, लेकिन पुलिस ने इजाजत नहीं दी है।

इस मौके पर सांसद इकरा हसन ने कहा कि एक सोची समझी साजिश और रणनीति के तहत हमारे मस्जिदों को निशाना बनाकर उन्हें तोड़ा जा रहा है। बहुत सारी मस्जिदों के कागजात हमारे पास मौजूद हैं, लेकिन वहां पर अब मस्जिद नहीं है। अदालतों में तमाम मामले ले जाए जा रहे हैं लेकिन आदारतों में इतनी जल्दी फैसले नहीं होते हैं। उन्होंने आज के धरने प्रदर्शन की पुलिस के जरिए इजाजत नहीं दिए जाने का भी विरोध किया है।

जमात-ए-इस्लामी हिंद के अमीर सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने भी कहा कि एक के बाद एक हमारे मस्जिदों को किसी न किसी बहाने से रात के अंधेरे में बुलडोजरों के जरिए शहीद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की बुजदिलाना करवाई है। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की कलेक्ट्रेट की मस्जिद को भी रात के अंधेरे में शहीद कर दिया गया जबकि इस मस्जिद के सारे कागजात मौजूद है। उन्होंने कहा कि वहां के सभी धर्म के लोगों ने मस्जिद के गिराए जाने का विरोध किया और एकजुट होकर इसकी लड़ाई लड़ने का एलान किया है।

इस मौके पर पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली, मौलाना अताउर्रहमान कासमी, जमात-ए-इस्लामी हिंद के उपाध्यक्ष मलिक मोतसिम खान, सिख नेता सरदार दया सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला, फिरोज मुजफ्फर, कार्यक्रम के आयोजक अंजरुल बारी आदि ने भाग लिया। पुलिस ने वहां उपस्थित सभी नेताओं, बुद्धिजीवियों को गिरफ्तार करने का एलान किया और सभी को बसों में भर कर ले जाया गया। प्रदर्शनकारी मस्जिद, दरगाहों और मदरसों को तोड़े जाने खिलाफ के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहम्मद ओवैस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद