home page

विवादित ट्वीट से बढ़ीं अनुराग कश्यप की मुश्किलें, सूरत कोर्ट में चलेगा आपराधिक मामला

 | 
विवादित ट्वीट से बढ़ीं अनुराग कश्यप की मुश्किलें, सूरत कोर्ट में चलेगा आपराधिक मामला


सूरत, 16 मई (हि.स.)। फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ब्राह्मण समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अब सूरत की अदालत में उनके खिलाफ आपराधिक मामला चलाया जाएगा। वरिष्ठ अधिवक्ता की शिकायत पर कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई है।

मामले के अनुसार, 19 मार्च 2025 को अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट की थी, जिसे लेकर ब्राह्मण समाज में नाराजगी फैल गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्ट के विरोध में आदित्य दत्ता नामक व्यक्ति ने कश्यप से टिप्पणी हटाने और संयम बरतने की अपील की थी, लेकिन इसके जवाब में कश्यप ने कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

इसके बाद देशभर में विरोध शुरू हुआ और कई स्थानों पर शिकायतें दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी क्रम में सूरत के वरिष्ठ अधिवक्ता कमलेश रावल ने अदालत में आपराधिक शिकायत दायर की। कोर्ट ने शिकायत स्वीकार करते हुए अनुराग कश्यप को समन जारी कर पेश होने के निर्देश दिए थे।

शिकायत पक्ष के अनुसार, समन जारी होने और मुंबई स्थित वकील के माध्यम से सूचना मिलने के बावजूद अनुराग कश्यप अदालत में उपस्थित नहीं हुए। अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि आरोपी को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया।

इसके बाद सूरत कोर्ट ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352 और 353(2) के तहत मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। ये धाराएं समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या घृणास्पद सामग्री प्रसारित करने से संबंधित हैं। इन धाराओं के तहत अधिकतम पांच वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

वरिष्ठ अधिवक्ता कमलेश रावल ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद आगामी दिनों में मामले को औपचारिक आपराधिक ट्रायल में परिवर्तित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं एक वकील और जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अदालत में मजबूत साक्ष्य पेश कर अनुराग कश्यप को कानून के तहत अधिकतम सजा दिलाने का प्रयास करूंगा। समाज में प्रभाव रखने वाली हस्तियों को सार्वजनिक मंच पर मर्यादा का पालन करना चाहिए।”

उन्होंने यह भी कहा कि यदि आगामी तारीखों में अनुराग कश्यप अदालत में पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे