home page

मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से राजस्थान के धौलपुर वन क्षेत्र में पहुंचा चीता

 | 
मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से राजस्थान के धौलपुर वन क्षेत्र में पहुंचा चीता


धौलपुर, 07 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से एक चीता पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के वन क्षेत्र में पहुंच गया है। धौलपुर जिले के सरमथुरा क्षेत्र के जंगल में वन विभाग के कैमरे में चीते की लोकेशन ट्रेक हुई है। इसके बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है तथा उसकी निगरानी और ट्रैकिंग का अभियान शुरू किया गया है।

धौलपुर जिला सामाजिक वानिकी के उप वन संरक्षक वी चेतन कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश के कूनो स्थित राष्ट्रीय उद्यान से एक चीता बीते दिनों धौलपुर वन क्षेत्र की सरमथुरा रेंज की टेरिटरी में आ गया है। एक दिन पूर्व इस चीते की लोकेशन राष्ट्रीय चंबल अभ्यारण के रीझोनी इलाके में ट्रेक हुई है। चीते की लोकेशन के साथ-साथ उसके मूवमेंट पर वन विभाग के अधिकारियों द्वारा पूरी तरह से मोनिटरिंग की जा रही है। इस बात की संभावना है कि यह चीता कूनो नेशनल पार्क से विचरण करते हुए पहले करौली के मंडरायल के डांग इलाके में पहुंचा होगा तथा वहां से मूवमेंट करते हुए धौलपुर जिले के सरमथुरा पहुंचा। जहां पर रीझोनी इलाके में वन विभाग के कैमरे में उसकी लोकेशन ट्रेक की गई।

डीएफओ वी चेतन कुमार ने बताया कि कूनो से आए चीते की लोकेशन के बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने सरमथुरा रेंज में रीझोनी तथा आसपास के इलाके में निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया है। चीते के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही वन विभाग की टीम संबंधित इलाके में गश्त भी कर रही है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूरी तरह से सतर्क रहने और संबंधित वन क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप