home page

बंगाल चुनाव-2026: धर्मेंद्र प्रधान का भाजपा की जीत का दावा, ममता सरकार पर साधा निशाना

 | 
बंगाल चुनाव-2026: धर्मेंद्र प्रधान का भाजपा की जीत का दावा, ममता सरकार पर साधा निशाना


कोलकाता, 21 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के पैरों तले राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और जनता अब उनके खिलाफ हो चुकी है।

मंगलवार को बरानगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया, बल्कि लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि इसी कारण अब लोग सरकार से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हार के डर से ममता बनर्जी घबराई हुई हैं और लगातार संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही हैं।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा भाजपा को ‘बाहरी’ बताए जाने के आरोप पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवार बंगाल के ही हैं।

मालदा की एक घटना का जिक्र करते हुए प्रधान ने कहा कि ममता बनर्जी स्वयं उच्चतम न्यायालय पहुंची थीं, जिसके बाद न्यायालय ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए न्यायाधीशों को भेजा था, लेकिन तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका घेराव किया गया, जो अनुचित था।

उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में स्थिति संतोषजनक नहीं है और इसे सुधारने के लिए सरकार बदलना जरूरी है।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रचार के अंतिम दिन राज्य में जनसभाएं कीं। दार्जिलिंग में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कर्सियांग के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान निकाला जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा गोरखा समाज की भावनाओं और समस्याओं को समझती है और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर