home page

डीजीसीए ने बारामती में रेड बर्ड एविएशन के विमान दुघर्टना की जांच शुरू की

 | 
डीजीसीए ने बारामती में रेड बर्ड एविएशन के विमान दुघर्टना की जांच शुरू की


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स)। विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने महाराष्ट्र के बारामती में रेड बर्ड एविएशन के बुधवार काे दुर्घटनाग्रस्त हुए प्रशिक्षण विमान की जांच शुरू कर दी है।

विमानन नियामक डीजीसीए ने बुधवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि बुधवार, 13 मई को M/s रेड बर्ड एविएशन (एक फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन या एफटीओ) का टेक्नाम 2008जेसी विमान (वीटी आरएफवाई), सोलो फ़्लाइंग (अकेले उड़ान) के दौरान तकनीकी खराबी आने पर विमान उड़ा रहे ट्रेनी पायलट काे बारामती एयरपोर्ट के नजदीक गोजुबोवी नामक स्थान पर खेताें में आपातकालीन लैंडिंग करनी पडी थी जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन इसका पायलट सुरक्षित रहा।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की आरंभिक जांच के मुताबिक पहला सर्किट और लैंडिंग सफल रही। हालांकि, दूसरे सर्किट लैंडिंग के दौरान, ट्रेनी पायलट ने कुछ तकनीकी खराबी महसूस की और एक खुले मैदान में आपातकालीन लैंडिंग कर दी। ट्रेनी पायलट सुरक्षित है, लेकिन विमान को नुकसान पहुंचा है। डीजीसीए इस घटना की विस्तृत जांच कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि रेडबर्ड एविएशन के साथ यह कोई पहली घटना नहीं है, 2021 से लेकर अब तक रेडबर्ड एविएशन के विमानों के साथ यह 7वीं बड़ी दुर्घटना है। लगातार हो रहे इन हादसों ने एकेडमी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर