मुरादाबाद में टेक आफ से ठीक पहले उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के विमान के इंजन में आई गड़बड़ी, सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए हुए रवाना
मुरादाबाद, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना मूंढापांडे क्षेत्र स्थित हवाई अड्डे पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के राजकीय विमान के इंजन गड़बड़ी आने और इंजन से धुआं निकलने के बाद पायलट ने सूझबूझ से उन्हें और उनके स्टाफ काे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।इसके बाद उपमुख्यमंत्री पाठक सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को मुरादाबाद दौरे पर पहुंचे थे। वे संभल और अमरोहा के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वह राजकीय विमान से लखनऊ जाने के लिए संभल से मुरादाबाद में मूंढापांडे स्थित हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। उपमुख्यमंत्री को एयरपोर्ट से यूपी सरकार के बी-200 विमान से लखनऊ जाना था। विमान में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उनका स्टाफ व सुरक्षाकर्मी सवार हाे गए थे। टेक ऑफ से ठीक पहले विमान के इंजन में खराबी आ गयी। जानकारी के अनुसार विमान रनवे पर अचानक उसके एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया और उसमें से धुआं निकलने लगा।
यह देखकर एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। तुरंत विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया और एयरपोर्ट पर तैनात कर्मियों ने उपमुख्यमंत्री व उनके स्टाफ को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना से मुरादाबाद एयरपोर्ट से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया। इसके बाद पाठक और उनके सुरक्षाकर्मी व अन्य स्टाफ कार से लखनऊ के लिए रवाना हाे गए।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई। स्थानीय प्रशासन प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी यात्री एवं अधिकारी सुरक्षित हैं। तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है व खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

