दिल्ली में प्रदर्शन से पहले करीब 75 ट्रेनें रद्द, इनमें 38 दिल्ली आने वाली
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और नई दिल्ली तथा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास यातायात बाधित होने की आशंका के मद्देनजर रेलवे ने करीब 75 ट्रेनों को रद्द किया है। इनमें 38 ट्रेनें ऐसी हैं, जिन्हें नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उपाध्याय के अनुसार, इन दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच पहुंचने वाली कुल 165 ट्रेनों में से 38 को रद्द किया गया है। शेष ट्रेनों के परिचालन पर इस निर्णय का असर नहीं पड़ेगा। आनंद विहार टर्मिनल, पुरानी दिल्ली, सराय रोहिल्ला और दिल्ली छावनी सहित दिल्ली के अन्य स्टेशनों पर ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगा।
रेलवे बोर्ड के निर्देश के अनुसार, नौ अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद अपने प्रारंभिक स्टेशन से चलने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रारंभिक स्टेशन से ही रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था। रेलवे ने यह कदम दोनों स्टेशनों के आसपास भारी यातायात जाम की आशंका को देखते हुए उठाया है।
रद्द की गई ट्रेनों में मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली आने वाली अन्य रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
इस बीच, मुंबई सेंट्रल से नई दिल्ली आने वाली राजधानी एक्सप्रेस (12951) और मुंबई सेंट्रल से हजरत निजामुद्दीन आने वाली अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12953) के प्रस्थान समय में पांच घंटे की देरी की गई है।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) से प्राप्त करने या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की अपील की है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

