दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को आंधी-बारिश के आसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से बढ़ा आगे
नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया। दिल्ली में जहां शनिवार को तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं, वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। तेज हवा और गरज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा से लेकर 60 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इस दिन यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35-37 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सात जून को बादल छाए रहेंगे। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36-38 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। आठ जून को आमतौर पर मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून आज पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर, गोवा के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके अलावा अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पूर्व-मध्य, पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। अगले 7 दिनों के दौरान केरल और कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने और अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं।
देश के अलग क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले छह दिनों तक, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान, पूर्वी भारत और मध्य भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में भी अगले छह दिनों तक, उत्तर-पश्चिमी भारत के भी कई क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान रुक-रुककर तेज हवा और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत एवं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत, पूर्वी भारत, उत्तर-पश्चिमी भारत और पश्चिमी भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज के साथ भारी वर्षा होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर 12-20 सेमी तक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, झारखंड और उत्तराखंड के कुछ अलग-अलग स्थानों पर 7-11 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, असम और मेघालय के अलग-अलग स्थानों पर 60-80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी आई जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, गुजरात क्षेत्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर भी 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

